बुलंद सोच, इंदौर।
डॉलर में मजबूती के चलते अंतर्राष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार देर रात वायदा लगातार गिरावट के बाद घटकर ही बंद हुआ। कामेक्स पर सोना वायदा 9 डॉलर घटकर 4045 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 32 सेंट घटकर 57.65 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।
इसके भारतीय बाजारों में शनिवार को सोने और चांदी की कीमतों में आंशिक गिरावट दर्ज की गई।
इंदौर सराफा बाजार की स्थिति
इंदौर में सोना केडबरी 350 रुपये घटकर 141500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 500 रुपये घटकर 219500 रुपये प्रति किलो रह गई।
दरअसल, फिलहाल भारतीय बाजारों में ग्राहकी बेहद सीमित है। सराफा कारोबारियों की मानें तो पीएम मोदी की अपील के बाद सोना-चांदी के ग्राहकों में कमी आई है, जिसका असर सीधे तौर पर बाजार में देखने को मिल रहा है।
हालांकि, जब तक अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति बनी रहेगी, तब तक बाजार में उथल-पुथल का माहौल रहेगा।
इधर, ज्वेलर्स को पूरी उम्मीद है कि 10-15 दिनों में बाजार में ग्राहकों की सीमित रूप से हलचल शुरू हो जाएगी।
आगामी त्योहारी सीजन की तैयारियां
देश में आगामी त्योहारी सीजन की शुरूआत से पहले सराफा बाजार में ज्वेलर्स की सक्रियता धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।
आगामी रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और फिर आने वाले वैवाहिक सीजन को देखते हुए ज्वेलर्स सोने-चांदी की खरीदारी बढ़ने पर विचार कर रहे हैं और नई-नई डिजाइनों में लाइट वेट के गहनें तैयार किए जा रहे हैं जिससे ग्राहकों का बजट नहीं बिगड़े।
इंदौर के बंद भाव
इंदौर के बंद भाव में सोना केडबरी रवा नकद में 141500 रुपये, सोना आरटीजीएस में 142250 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट 130400 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है।
चांदी चौरसा 219500 रुपये, आरटीजीएस 215550 रुपये, चांदी टंच 220200 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2550 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए।
शुक्रवार को सोना 141850 रुपये पर और चांदी 220000 रुपये पर बंद हुई थी।

