बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के परदेशीपुरा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, इनोवेशन और अप्रेन्टिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित यह मेला प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मेले में युवाओं को रोजगार प्रदान करने के साथ-साथ खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण प्रक्रिया और विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।
650 से अधिक पदों पर भर्ती
उप संचालक रोजगार पी. एस. मंडलोई ने बताया कि इस मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इन कंपनियों के माध्यम से 650 से अधिक रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा।
इसमें एसोसिएट, बैक ऑफिस एसोसिएट, एचआर इंटर्न, सेल्स ऑफिसर, रिलेशनशिप मैनेजर, एडमीन कोऑर्डिनेटर, वीडियो एडिटर, कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव, स्टिचिंग ऑपरेटर, प्रेस मैन, कटिंग ऑपरेटर, पैकिंग, एग्जीक्यूटिव लॉजिस्टिक्स और फिटर, टर्नर, मशीनिष्ट जैसे ट्रेनी के पद शामिल हैं।
पात्रता और आवश्यक दस्तावेज
इस रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर, बी.फार्मा, आईटीआई और डिप्लोमा रखी गई है।
इच्छुक आवेदकों से अपील की गई है कि वे अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां अपने साथ लाएं। जिला रोजगार कार्यालय ने क्षेत्र के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा देने का आग्रह किया है।
शीर्ष कंपनियों के साथ संवाद
उप संचालक रोजगार पी. एस. मंडलोई ने बताया कि प्रशासन द्वारा लगातार देश की शीर्ष कंपनियों के साथ बातचीत करके रोजगार मेले आयोजित करवाए जा रहे हैं।
उनका प्रयास है कि इंदौर के युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में रोजगार दिया जा सके और इच्छुक युवाओं को व्यापार स्थापित करने में भी मदद मिल सके। इसी उद्देश्य से ये मेले आयोजित किए जा रहे हैं।

