BREAKING NEWS

जबलपुर के बरगी बांध का जलस्तर 417 मीटर दर्ज, 25 जुलाई से 3.25 मीटर की वृद्धि

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

मानसून की सक्रियता के कारण रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना (बरगी बांध) का जलस्तर बढ़ने लगा है। मंडला और डिंडौरी में हुई बारिश का पानी बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में पहुंच रहा है।
25 जुलाई को बरगी बांध का जलस्तर 413.75 मीटर दर्ज किया गया था, जो रविवार को बढ़कर 417 मीटर तक पहुंच गया। इस प्रकार जलस्तर में 3.25 मीटर की वृद्धि हुई है।
बरगी बांध का अधिकतम जलस्तर 422.76 मीटर है। वर्तमान जलस्तर के अनुसार, बांध अपनी अधिकतम क्षमता से पांच मीटर खाली है।
वर्तमान बारिश की स्थिति को देखते हुए, यह संभावना जताई जा रही है कि बांध का जलस्तर 420 मीटर तक पहुंच जाएगा।

Advertisement

बारिश की स्थिति और मौसम अलर्ट

मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बारिश की नई खेप लेकर आए बादलों ने शनिवार रात से बरसना शुरू किया और दिन भर बरसते रहे। रविवार को दिन भर कभी हल्की तो कभी रिमझिम बारिश होती रही।
मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार, 20 अगस्त तक इसी तरह बारिश का क्रम बने रहने की संभावना है। विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान जबलपुर सहित नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, दमोह और सागर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
वर्तमान में उत्तर ओडिशा और उससे सटे झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर स्थित है। मानसून ट्रफ अब बीकानेर, ग्वालियर, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव क्षेत्र के केंद्र, पुरी और वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है।
इन मौसम प्रणालियों के चलते जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है। बारिश का सिलसिला 20 अगस्त तक जारी रह सकता है।
बारिश के नए दौर के कारण मौसम विभाग में दर्ज बारिश का आंकड़ा भी बढ़ा है। रविवार को लगभग सात मिलीमीटर बारिश के बाद मानसून सीजन में कुल बारिश का आंकड़ा 346 मिलीमीटर तक पहुंच गया है। हालांकि, पिछले वर्ष आज के दिन तक 772.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।

तापमान में गिरावट

मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री तक नीचे आ गया है।
शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को यह चार डिग्री की गिरावट के साथ 26.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट आई है और यह 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।