बुलंद सोच, जबलपुर।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक सेवा की नई पारी शुरू करने पहुंचे नवनियुक्त डिप्टी कलेक्टर हिमांशु सोनी ने शारीरिक चुनौती को अपनी मंजिल के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। वह घर में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले एक युवा हैं।
जनसुनवाई कक्ष में व्हीलचेयर पर बैठे हिमांशु सोनी को देखकर वहां मौजूद लोगों की निगाहें कुछ क्षण के लिए उन पर ठहर गईं।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण कर राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित हिमांशु सोनी ने मंगलवार को जबलपुर में डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण कराने के बाद कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अधिकारियों से परिचय कराया। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही हिमांशु सीधे जनसुनवाई कक्ष पहुंचे और व्हीलचेयर पर बैठकर कलेक्टर के साथ आम नागरिकों की समस्याएं सुनने लगे।
साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। जनसुनवाई में भुगतान, मुआवजा और राजस्व से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कई किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद भी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की।
इसके अतिरिक्त भू-अर्जन मुआवजा, मकान क्षति सहायता, नामांतरण, सीमांकन, अतिक्रमण, बीपीएल एवं राशन कार्ड, छात्रवृत्ति, अनुकंपा नियुक्ति, संबल योजना, रिकॉर्ड सुधार, भूमि डायवर्सन और आर्थिक सहायता सहित अन्य मामलों से जुड़े आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
जनसुनवाई में कुल 124 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, एके सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमांशु के पिता ने कहा कि उनके बेटे ने साबित किया है कि हौसले के आगे कोई चुनौती बड़ी नहीं होती।
