बुलंद सोच, जबलपुर।
करीब एक सप्ताह बाद बारिश करने वाली मौसमी प्रणालियां एक बार फिर सक्रिय हो रही हैं। मंगलवार को अचानक बदले मौसम के बाद जबलपुर जिले में खंड-खंड बारिश हुई, जिसमें कहीं तेज बौछारें तो कहीं रिमझिम फुहारें दर्ज की गईं।
मानसून की स्थिति और वर्षा में कमी
इस मानसून की कमजोरी के कारण गत वर्ष की तुलना में बारिश 447 मिमी पिछड़ी हुई है। गत वर्ष मानसून सीजन में आज के दिन तक 771 मिमी बारिश हो चुकी थी, जबकि इस बार बारिश का आंकड़ा 324.7 मिमी में ही अटका हुआ है। जून से सितंबर माह तक जिले में औसतन 1300 मिमी बारिश दर्ज की जाती है।
तापमान और उमस भरी गर्मी
बारिश न होने से वातावरण में उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, छिटपुट बारिश की संभावना है। मंगलवार को सूर्योदय 5:43 बजे और सूर्यास्त 6:50 बजे दर्ज किया गया। आर्द्रता 82 से 68 प्रतिशत रही।
विभिन्न जिलों का तापमान पूर्वानुमान
जबलपुर में 05 अगस्त को अधिकतम 33.0 डिग्री और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस, वहीं 06 अगस्त को अधिकतम 33.0 डिग्री और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है। कटनी में 05 अगस्त को अधिकतम 29.0 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस, तथा 06 अगस्त को अधिकतम 29.0 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। मंडला में 05 अगस्त को अधिकतम 32.0 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस, और 06 अगस्त को अधिकतम 32.0 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का पूर्वानुमान है।
पर्याप्त बारिश हेतु वरुण गायत्री जप एवं यज्ञ का आयोजन
बारिश की कमी और संभावित जल संकट को देखते हुए अखिल भारतीय गायत्री परिवार ट्रस्ट, जबलपुर द्वारा छह और सात अगस्त को वरुण गायत्री जप एवं यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आध्यात्मिक साधना के माध्यम से पर्याप्त वर्षा की प्रार्थना करने के साथ ही जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देना है।
गायत्री शक्तिपीठ में अखंड जप और दीप महायज्ञ
छह अगस्त को गायत्री शक्तिपीठ, मनमोहन नगर में सुबह छह से शाम छह बजे तक वरुण गायत्री मंत्र का अखंड जप होगा। इसके बाद शाम छह से शाम बजे तक दीप महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
घरों में गायत्री यज्ञ और आहुतियां
सात अगस्त को सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक साधक अपने-अपने घरों में गायत्री यज्ञ करेंगे और वरुण गायत्री मंत्र के साथ 24 आहुतियां समर्पित कर पर्याप्त वर्षा की प्रार्थना करेंगे।
अभियान से जुड़ने का आह्वान
गायत्री परिवार ने श्रद्धालुओं से अखंड जप में दो-दो घंटे सहभागी बनने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया है।

