बुलंद सोच, भोपाल।

किसानों के आंदोलन ने बुधवार को दूसरे दिन भी राजधानी की रफ्तार लगभग थामे रखी। रोशनपुरा से न्यू मार्केट और मुख्यमंत्री निवास तक का इलाका पुलिस छावनी में बदल गया था। कई स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी, जबकि सड़कों पर स्कूल बसें और गिट्टी से भरे डंपर तक बैरिकेड बनाकर खड़े कर दिए गए।
किसानों ने तोड़े 22 बैरिकेड
इन व्यवस्थाओं के बावजूद किसान एक-एक कर 22 बैरिकेड्स तोड़ते हुए मुख्यमंत्री निवास से महज एक किलोमीटर दूर पहुंच गए। उनके सामने अब सिर्फ तीन बैरिकेड बचे थे।

मुख्यमंत्री का संवाद प्रस्ताव और समिति गठन
बुधवार सुबह कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के तहत सरकार किसानों से सीधे संवाद करेगी और बातचीत से हर मुद्दे का समाधान निकालेगी। हालांकि, किसानों के रोशनपुरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने चार मंत्रियों की एक समिति गठित की। इस समिति को किसान प्रतिनिधियों से बातचीत की जिम्मेदारी दी गई। मंत्रालय में कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, विश्वास ंग और कृष्णा गौर की समिति ने किसान नेताओं से करीब दो घंटे चर्चा की।
आंदोलन समाप्त, सरकार की दो मांगें स्वीकृत
चर्चा के बाद मूंग खरीदी का दायरा 25% से बढ़ाकर 60% कर दिया गया। साथ ही खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का ऐलान किया गया। देर रात आंदोलन खत्म हो गया और रात सवा 11 बजे तक सभी किसान लौट गए थे।
किसानों की मूल मांग अधूरी
क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लीलाधर राजपूत व अन्य किसान नेताओं का कहना है कि सरकार ने खरीदी का दायरा बढ़ाया है, पर 100% समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मूल मांग अभी पूरी नहीं हुई है। बता दें कि नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर समेत 20 जिलों के किसान 27 जुलाई से ‘किसान क्रांति यात्रा’ निकले हैं।
सरकार द्वारा स्वीकृत मांगें विस्तृत
**मूंग खरीदी:** केंद्र सरकार ने मूंग खरीदी की 25% सीमा तय की है। मध्य प्रदेश सरकार अब 60% (करीब 3 क्विंटल प्रति एकड़) मूंग खरीदेगी। हालांकि, किसान 100% खरीदी की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने नहीं माना है। **ई-टोकन व्यवस्था:** खाद वितरण की ई-विकास (ई-टोकन) प्रणाली तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। नई व्यवस्था के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति बनेगी।
खाद वितरण की नई व्यवस्था
तब तक स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 30 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है। खरीदी की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त की गई है। खाद वितरण हाइब्रिड मोड में लागू होगा, जिसमें किसान का आधार नंबर, मोबाइल नंबर और उसे दी गई खाद का पूरा ब्योरा होगा। खाद बेचने के बाद यह जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
केंद्र सरकार का मूंग खरीदी पर रुख
मध्य प्रदेश सरकार ने मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा है कि पहले केंद्र से स्वीकृत खरीदी पूरी की जाए। 29 जुलाई तक मिले आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक करीब 60 हजार टन मूंग ही खरीदी गई है। वर्ष 2025-26 के लिए मध्य प्रदेश को 4.54 लाख टन मूंग खरीदी की मंजूरी मिली है, जो देश में सबसे अधिक और कुल स्वीकृत मात्रा का 87% है। अतिरिक्त खरीदी की मंजूरी तभी मिल सकती है, जब राज्य पहले स्वीकृत मात्रा की खरीदी कर ले।
स्कूलों में अवकाश की स्थिति
किसान आंदोलन के चलते रोशनपुरा, न्यू मार्केट और मुख्यमंत्री निवास के आसपास के प्रभावित क्षेत्रों के कई स्कूलों में बुधवार को अचानक अवकाश घोषित किया गया था। हालांकि, गुरुवार के लिए जिला प्रशासन ने अवकाश का नया आदेश जारी नहीं किया है। आंदोलन समाप्त होने के कारण स्कूलें यथावत चलेंगी।

