BREAKING NEWS
2026-07-29

महाकाल सवारी मार्ग पर बाधाएं: 3 अगस्त से शुरू होंगी यात्राएं

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उज्जैन।

महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ माह में निकाली जाने वाली सवारियों का क्रम 3 अगस्त से प्रारंभ होगा। इस दौरान पांच सवारियां चार किलोमीटर के दायरे में निकाली जाएंगी, जबकि राजसी सवारी सात किलोमीटर के क्षेत्र में भ्रमण करेगी। भास्कर रिपोर्टर ने महाकालेश्वर मंदिर से शिप्रा तट और वापसी में शिप्रा तट से महाकालेश्वर मंदिर तक पैदल चलकर सामान्य और राजसी सवारी के मार्ग का जायजा लिया।

Advertisement

मार्ग की वर्तमान स्थिति

दोपहर दो बजे कहारवाड़ी के दूसरे छोर पर, मस्जिद के पास सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल फैला हुआ था। रास्ते के एक तरफ मस्जिद है और दूसरी ओर सीढ़ियां। बीच में नाली को ढंकने के लिए बनाया गया स्लैब है, जिससे सटा बैरिकेट लगा है। आस-पास फैले बिल्डिंग मटेरियल के कारण वाहन चालक बचते-बचाते निकल रहे थे। पैदल चलने के लिए केवल एक तरफ छोटी सी जगह उपलब्ध थी।

दोपहर तीन बजे रामानुजकोट से रामघाट मार्ग और सत्यनारायण मंदिर से ढाबा रोड तक सड़क के आस-पास पैवर का काम जारी था। जीर्ण-शीर्ण भवनों के बाहर निगम द्वारा बोर्ड लगाए गए हैं। गेबी हनुमान से छत्री चौक टंकी के बीच रोटरी में पत्थर लगाए जा रहे थे। पास में नाली को ढंकने के लिए डाली गई स्लैब सूखी नहीं थीं और नालियां ओवरफ्लो हो रही थीं।

दोपहर 3:30 बजे छत्री चौक से सती गेट मार्ग पर विक्रम लाइब्रेरी के सामने एक भवन के बाहरी हिस्से को गिराया जा रहा था। खड़े हनुमान मंदिर के पास एक महीने पहले काटे गए पेड़ के ठूंठ अब तक वहीं रखे थे। यहां से सतीगेट तक पैदल निकलना भी मुश्किल था और नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा था।

दोपहर 3:50 बजे सती गेट से कंठाल चौराहा तक नई सड़क की ओर चौराहा का काम जारी था, लेकिन तेलीवाड़ा की ओर केवल मटेरियल ही पसरा हुआ था। यहां से केवल पैदल ही निकला जा सकता था। नालियों का लेवल ऊंचा-नीचा होने से पानी सड़क पर आ रहा था और दुकानों के सामने व्यापारियों ने अपने रास्ते बना लिए थे।

कलेक्टर का बयान और सवारी का कार्यक्रम

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सवारी के पहले मार्ग की रुकावटें दूर कर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

महाकाल सवारी अगस्त महीने में 3, 10, 17, 24 और 31 तारीख को निकलेगी। सितंबर माह में राजसी सवारी 7 तारीख को निकाली जाएगी।