BREAKING NEWS
2026-07-29

होमगार्ड में 5 हजार पदों पर भर्ती का प्रस्ताव 6 माह से अटका

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बैठक के बाद पुलिस में आरक्षक से लेकर उप निरीक्षक तक 9,662 पदों पर भर्ती के लिए प्रशासकीय स्वीकृति पिछले सप्ताह मिल गई है। दूसरी ओर, होमगार्ड में पांच हजार पदों पर भर्ती का प्रस्ताव शासन के स्तर पर पिछले छह माह से लंबित है।

Advertisement

महिलाओं के लिए आरक्षण और ऐतिहासिक संदर्भ

पहली बार इसमें 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए सुरक्षित करने का प्रस्ताव है। दरअसल, होमगार्ड को ‘डाइंग काडर’ बना दिया गया था, जिससे इसमें वर्ष 2009 के बाद से भर्ती नहीं हो रही थी। जो अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे थे, उनकी जगह नई भर्ती नहीं की जा रही थी। वर्ष 2016 में 2600 जवानों की भर्ती अस्थायी तौर पर सिर्फ सिंहस्थ के लिए की गई थी, बाद में उन्हें नियमित सेवा में शामिल कर लिया गया।

घटती नफरी और वर्तमान स्थिति

अब चार चरणों में पांच हजार पदों पर भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। होमगार्ड मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि काडर में अधिकारी-कर्मचारियों के 15 हजार पद हैं, लेकिन लंबे समय से भर्ती नहीं होने और कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से यह संख्या 8500 से नीचे आ गई है। प्रतिवर्ष 400 से 500 अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री की घोषणा और स्वीकृति का इंतजार

पांच दिसंबर, 2025 को होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांच हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। उधर, होमगार्ड मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि शासन ने कुछ और जानकारी मांगी है। आशा है जल्दी स्वीकृति मिल जाएगी। सिंहस्थ में सुरक्षा की दृष्टि से इन रिक्त पदों को भरा जा रहा है।