बुलंद सोच।
लोकसभा में आज परीक्षा में सुधारों से जुड़े विधेयक पर चर्चा होगी। संसद के मानसून सत्र में गत एक हफ्ते से जारी गतिरोध समाप्त हो गया है। इस चर्चा के लिए छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है। स्पीकर ओम बिरला ने आवश्यकता पड़ने पर इससे अधिक समय देने की बात कही है।
अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रम
पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) के रावलकोट में प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इस घटना में कई लोगों की मौत हुई है और दर्जनों घायल हुए हैं। यह घटना उस समय हुई, जब हजारों लोग मुजफ्फराबाद की ओर मार्च शुरू कर चुके थे।
नेपाल में भी तनाव की खबर है, जहाँ हिंसा के बाद हालात संभालने के लिए सेना उतर गई है। यहाँ कर्फ्यू भी गुस्से को नहीं रोक पाया।
बीजिंग में सोमवार को विदेश सचिव विक्रम मिस्री और चीन की विदेश मामलों की उप-मंत्री हुआ चुनयिंग के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में दोनों देशों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताई। विदेश सचिव विक्रम मिस्री और चीन की उप-विदेश मंत्री हुआ चुनयिंग के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, सांस्कृतिक सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि हालिया सैन्य हमलों के बाद ईरान ने अमेरिका से संपर्क कर हमले रोकने और बातचीत शुरू करने का अनुरोध किया। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि दोनों देशों के बीच नया युद्धविराम समझौता नहीं हो पाया तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है।
कानून एवं न्यायपालिका
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर चले 36 दिन के आंदोलन और 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान दर्ज सभी एफआईआर वापस नहीं होंगी। पुलिस ने कहा कि केवल वे मामले वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जो पुलिस या राज्य की ओर से दर्ज किए गए हैं। निजी शिकायतों के आधार पर दर्ज एफआईआर, जिनमें महिला पत्रकारों से छेड़छाड़, मारपीट और अन्य आपराधिक आरोप शामिल हैं, वापस नहीं ली जाएंगी। इन मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
69000 शिक्षक भर्ती में सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई में राज्य सरकार ने सोमवार को फिर अपना चार पेज का शपथपत्र दाखिल किया है। इसमें 20 जुलाई को दाखिल शपथपत्र का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि 69000 शिक्षक भर्ती में संशोधित मेरिट सूची में स्थान पाने वाले पात्रों को पहले से नियुक्त शिक्षकों को प्रभावित किए बिना समायोजित किया जा सके। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज भी सुनवाई होनी है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में अब चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के जरिए ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन, मतलब पूरे आय-व्यय की गहनता से जांच की जाएगी। अब तक इस पहलू को एसआईटी ने बारीकी से नहीं देखा था। जल्द ही शासन आईपीएस की अध्यक्षता में गठित एसआईटी में सीए को शामिल करेगा।
देश में रैगिंग रोकने के लिए लगातार सख्ती की जा रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश अब भी इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के बावजूद वर्ष 2022 से 22 जुलाई 2026 तक उत्तर प्रदेश के मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग की 825 शिकायतें दर्ज की गई हैं।
खेल जगत
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल में पांचवें दिन के खेल में भारत को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक तथा चार रजत पदक मिले।
राष्ट्रीय घटनाक्रम
भारत का पहला निजी तौर पर विकसित ऑर्बिटल-श्रेणी का रॉकेट ‘विक्रम-1’ सफलतापूर्वक लॉन्च करने वाली कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापकों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान विक्रम-1 मिशन की सफलता, भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई।
राजनीतिक घटनाक्रम
पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुछ दिन पहले नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट रखे जाने के बाद अब उसके निष्कर्षों की परतें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। रिपोर्ट में ममता बनर्जी सरकार के कार्यकाल के दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, धन के इस्तेमाल, स्वास्थ्य व्यवस्था, आपदा राहत और वित्तीय प्रबंधन को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पूर्व में टीएमसी तथा वर्तमान में एनसीपीआई सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय की बंद कमरे में हुई मुलाकात ने बंगाल और राष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब एनसीपीआई सांसदों को एनडीए की बैठक में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इससे भाजपा और एनसीपीआई के बीच संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
मनोरंजन
अभिनेता राम कपूर इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ में नजर आ रहे हैं, जहाँ उनके व्यवहार को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। खासकर साथी प्रतिभागियों को किस कर देने की आदत के चलते उनकी काफी आलोचना हुई है। इस बीच अभिनेता नमन शॉ ने राम कपूर को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया। अभिनेता ने कहा कि वे भी राम कपूर का ऐसा व्यवहार झेल चुके हैं और इसके चक्कर में उनकी सेक्सुअलिटी पर सवाल उठ गए थे।

