बुलंद सोच,।
मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में पिछले दो दिनों से जारी तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खरगोन जिले की गोगावां तहसील में पिछले 24 घंटे में करीब 200 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बुरहानपुर में 150 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
जनजीवन प्रभावित, नदियां उफान पर
लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर खेतों और सड़कों पर पानी भर गया है। किसानों ने फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई है।
खंडवा जिले में वर्षा का प्रभाव
खंडवा जिले में शुक्रवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में औसतन 74.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। भाम राजगढ़ बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद उसके पांच गेट खोलने पड़े।
ग्राम छिरवेल में झिरन्या उद्वहन सिंचाई परियोजना के पाइप उखड़ गए। तेज हवा के कारण इंदौर-ऐदलाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों और आदिवासी फालिया के मकानों के टिन शेड उड़ गए, जबकि बिजली के खंभे भी गिर गए।
बुरहानपुर में ताप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर
बुरहानपुर में ऊपरी क्षेत्रों की बारिश और परसाडोह डैम से पानी छोड़े जाने के कारण ताप्ती नदी का जलस्तर शुक्रवार शाम को खतरे के निशान 220.800 मीटर से बढ़कर 224.100 मीटर तक पहुंच गया। जैनाबाद पुल से पानी करीब एक फीट नीचे बह रहा था।
प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
खरगोन में फसलें डूबीं, युवक लापता
खरगोन के भीकनगांव क्षेत्र में खेत तालाब जैसे दिखने लगे, जिससे मक्का, सोयाबीन, कपास और मिर्च की फसलें पानी में डूब गईं।
ऊन थाना क्षेत्र के ग्राम गंधावड़ के पास तेज बहाव में बाइक सहित दो युवक बह गए। इनमें से 19 वर्षीय विनय वास्कले लापता है।
विनय वास्कले का साथी तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया। भगवानपुरा क्षेत्र में सिरवेल महादेव झरने के उफान पर होने के कारण सुरक्षा कारणों से महादेव दर्शन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।

