BREAKING NEWS

मंडला में नर्मदा सहित कई नदियां उफान पर, आवागमन बाधित; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंडला।

जिले में सावन माह की झमाझम बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बीती रात से शुरू हुई बारिश रविवार दोपहर बाद तक जारी रही। लगातार बारिश के कारण नर्मदा सहित जिले की सहायक नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे कई नदी-नाले उफान पर आ गए। बाढ़ जैसे हालात बनने से जिले के कई प्रमुख और ग्रामीण मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।

Advertisement

प्रमुख मार्ग बाधित

नदी-नालों के उफान पर आने से मंडला-डिंडौरी मार्ग और मंडला से कान्हा जाने वाले मार्ग समेत कई ग्रामीण मार्गों पर आवागमन बाधित रहा। रामनगर में नर्मदा पुल में करीब आठ फीट पानी होने के कारण यह मार्ग पूरी तरह बंद रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर पानी अधिक होने के कारण रास्ते बंद हो गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पादरी पटपरा से रामनगर मार्ग में पुल के ऊपर पानी होने से मार्ग अवरुद्ध रहा। घुघरी ब्लॉक में मलवाथर नाला, पांडिकला नाला, गुरबनी नाला और छतरपुर नाला में बाढ़ के कारण मार्ग बंद रहे। मंडला-डिंडौरी मार्ग के बीच मोहगांव में नाला में बाढ़ से भी मार्ग बाधित रहा। कान्हा टाइगर रिजर्व जाने वाला मार्ग बंजर नदी में बाढ़ के कारण बंद रहा।

प्रशासनिक सतर्कता और अपील

रविवार का अवकाश होने के बावजूद लगातार बारिश के कारण लोग आवश्यक दैनिक कार्यों के लिए भी घरों से निकलने से बचते रहे। बारिश थमने के बाद ही लोगों की आवाजाही शुरू हो सकी। लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर भी बढ़ता गया और छोटा पुल डूबने से नदी उफान पर रही। नर्मदा में बढ़ते पानी और बाढ़ का नजारा देखने के लिए लोग नदी तटों पर पहुंचते रहे। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस, होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर रहीं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की जा रही है।

नदियों का बढ़ता जलस्तर और कारण

समाचार लिखे जाने तक नर्मदा, बंजर और सुरपन सहित जिले की तमाम नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ था। बताया गया कि डिंडौरी जिले के क्षेत्र में अधिक बारिश के कारण नर्मदा का जलस्तर बढ़ा है। वहीं बालाघाट जिले में भी अच्छी बारिश होने से बंजर नदी उफान पर रही। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा अमला स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

किसानों पर बारिश का प्रभाव

लगातार बारिश से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। किसानों को उम्मीद है कि पर्याप्त नमी मिलने से खरीफ फसलों को फायदा होगा। हालांकि, सिंगारपुर क्षेत्र में सब्जी की खेती करने वाले कुछ किसानों के लिए लगातार बारिश परेशानी लेकर आई। अधिक पानी भरने से सब्जियों के खेत डूब गए हैं, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका है।

जिले में दर्ज वर्षा

जिले में 9 अगस्त को औसतन 59.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार मंडला में 44.0 मिमी, नैनपुर में 84.8 मिमी, बिछिया में 56.4 मिमी, निवास में 68.2 मिमी, घुघरी में 31.1 मिमी और नारायणगंज में 71.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में संचयी वर्षा 1,153.8 मिमी थी, जबकि इस वर्ष अब तक 622.9 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। जिले की वार्षिक औसत वर्षा 1,326.2 मिमी तथा जिला मुख्यालय मंडला की वार्षिक औसत वर्षा 1,442.6 मिमी बताई गई है।

बर्गी बांध का जलस्तर

जबलपुर के बर्गी बांध में जलस्तर तीन मीटर बढ़ा है, जो 417 मीटर तक पहुंच गया है। सप्ताह भर में बांध के गेट खोले जा सकते हैं।