BREAKING NEWS

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कार कांवड़ यात्रा में उठाई कांवड़, सरकार सनातन संस्कृति की धारा मजबूत कर रही

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

संस्कारधानी जबलपुर में सोमवार को आयोजित संस्कार कांवड़ यात्रा में आस्था का विशाल सैलाब उमड़ा। इस यात्रा में हजारों कांवड़ यात्री मां नर्मदा के पवित्र जल को लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के संकल्प के साथ निकले।

Advertisement

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के मुखिया के रूप में इस संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पूज्य दादा गुरु के साथ कुछ दूरी तक कांवड़ उठाई और कांवड़ यात्रियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही है। सनातन संस्कृति की धारा को और मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, प्रदेश के देवस्थलों को उनकी गरिमा और गौरव के अनुरूप विकसित करने तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्री अपनी भक्ति, साधना और संकल्प के बल पर मां नर्मदा का जल लेकर निकले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मां नर्मदा भी अपने जल के साथ शिव-शक्ति की आराधना के इस संकल्प को पूरा कराने के लिए अपने भक्तों के साथ कांवड़ के रूप में समाहित हैं।

उन्होंने बताया कि सावन के पावन महीने में मां नर्मदा की नगरी संस्कारधानी जबलपुर से भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करने के लिए यह यात्रा निकली है।

मुख्यमंत्री ने दादा गुरु सहित संतों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी तपस्या और साधना समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने यह भी कहा कि संतों का जीवन केवल सांकेतिक सुखों के लिए नहीं, बल्कि पवित्रता के मार्ग पर चलते हुए परमात्मा तक पहुंचने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने दादा गुरु के तप और साधना के अद्भुत उदाहरण की सराहना की और सभी के जीवन में मंगल की प्रार्थना की।

डॉ. यादव ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक जड़ों में सनातन संस्कृति की मजबूत उपस्थिति है। उन्होंने बताया कि हमारे देवस्थान आत्म-अनुशासन और जीवन में उन्नति की प्रेरणा देते हैं, जिनसे घर-घर सकारात्मकता, उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण बनता है। साथ ही, जीवन की चुनौतियों से पार पाने के लिए परमात्मा का आशीर्वाद लेने की प्रेरणा भी मिलती है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबंध बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से होने का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा महादेव कण-कण में विद्यमान हैं। विशेष रूप से मां नर्मदा के बारे में कहा जाता है कि उनके हर कंकर में शंकर दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की कृपा से ही भक्त उनकी पवित्र धारा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए इस पावन यात्रा पर निकलते हैं।

मुख्यमंत्री ने संस्कार कांवड़ यात्रा के अवसर पर कांवड़ यात्रियों, जबलपुर वासियों, प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक सुशील तिवारी इंदु, विधायक डॉक्टर अभिलाष पाण्डेय, विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा के दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक श्री नीलेश अवस्थी, सोनू बचवानी एवं रंजीत पटेल तथा कांवड़ यात्रा के संयोजक शिव यादव उपस्थित थे।

जबलपुर के बरगी बांध में जलस्तर तीन मीटर बढ़कर 417 मीटर तक पहुंच गया है; संभावना है कि इसके गेट सप्ताह भर में खुल सकते हैं।