बुलंद सोच, इंदौर।
मध्य प्रदेश की इकलौती और लोकप्रिय पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन एक बार फिर से पटरियों पर लौटने के लिए तैयार है। हेरिटेज कॉरिडोर के चल रहे निर्माण कार्य और नियमित रखरखाव के चलते इसका संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। अब ट्रैक पूरी तरह से तैयार है, और अगस्त के पहले सप्ताह (1 से 5 अगस्त के बीच) में किसी भी दिन इसका पुनः शुभारंभ हो सकता है।
भविष्य की योजनाएं और यात्रा अनुभव
यह यात्रा पारंपरिक कोचों में सफर का संभवतः आखिरी अवसर होगा। रेलवे की योजना के अनुसार, भविष्य में इस रूट पर अत्याधुनिक और कांच की छतों वाले ‘विस्टाडोम’ कोच लगाए जाएंगे। पातालपानी से कालाकुंड के बीच का यह रेल मार्ग अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। ट्रेन यात्रा के दौरान यात्री 4 घुमावदार सुरंगों और 29 तीखे मोड़ों से गुजरते हुए प्रकृति के अद्भुत नजारों और घाटियों की हरियाली का अनुभव करते हैं। मानसून के दौरान झरनों और हरी-भरी पहाड़ियों का मनोरम दृश्य इस रूट पर सफर को और भी खास बना देता है। ट्रेन की खिड़कियों से प्रसिद्ध पातालपानी झरना, हरे-भरे पहाड़ और बहते हुए नदी-नाले स्पष्ट दिखाई देते हैं।
संचालन का विवरण
शुरुआती चरण में, इस हेरिटेज ट्रेन का संचालन केवल वीकेंड (शनिवार और रविवार) को किया जाएगा। जिसके बाद यात्रियों की संख्या को देखते हुए फेरों में बढ़ोतरी की जा सकती है। फिलहाल, ट्रेन में कुल 5 कोच जोड़े जाएंगे। इस विशेष ट्रेन में एक एसी कोच और तीन नॉन-एसी कोच शामिल होंगे, जिनमें आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी।
किराया और समय सारणी
एक तरफ की यात्रा के लिए एसी चेयर कार का किराया ₹265 प्रति व्यक्ति और नॉन-एसी चेयर कार का किराया ₹20 प्रति व्यक्ति रखा गया है। वापसी की यात्रा के लिए यात्रियों को अलग से टिकट लेना होगा। यह ट्रेन पातालपानी स्टेशन से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर दोपहर 01:05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। इसके बाद वापसी में कालाकुंड से दोपहर 03:34 बजे चलकर शाम 04:30 बजे वापस पातालपानी स्टेशन पहुंचेगी।

