बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक महिला अपने नाबालिग बेटे की मदद से दुकानदारों को ठगी का शिकार बना रही है। महिला ने अभी तक हजारों रुपये की खरीदारी कर कई दुकानदारों को चूना लगाया है।
पीड़ित दुकानदारों ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है और महिला व उसके बेटे के सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक किए हैं। दुकानदारों ने अन्य दुकानदारों को भी चेतावनी जारी की है।
दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि महिला अक्सर अपने बेटे के साथ दुकान पर आती है। वह दुकानदार व स्टाफ के साथ मेलजोल बढ़ा लेती है और पांच से दस हजार रुपये का सामान खरीदती है।
सामान खरीदने के बाद महिला ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहती है। बाद में वह तकनीकी खराबी का बहाना बनाती है और कुछ देर में रुपये देने का बोलकर दुकान से रफूचक्कर हो जाती है।
महिला ने जिन दुकानों को अपना शिकार बनाया है उनमें गोल्डी राठौर, मौर्यश्री कलेक्शन, सांवरिया कलेक्शन और कुबेर एंटरप्राइजेज सहित अन्य दुकानें शामिल हैं।
इन सभी दुकानों से भी महिला और उसके बेटे के सीसीटीवी फुटेज बहुप्रचारित किए गए हैं।
पुलिस जांच और महिला की पहचान
टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार, कुछ लोगों ने शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस महिला की तलाश में जुट गई है।
एक दुकानदार ने बताया कि महिला की पहचान पूर्वा के रूप में हुई है। वह मालवा मील क्षेत्र में रहती है और ठगी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए साठ फीट रोड की तरफ आती है।

