BREAKING NEWS
2026-08-02

शिवपुरी: ग्रामीणों को जेल भेजने के आदेश पर सरपंच तहसीलदार के वाहन के नीचे लेटे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शिवपुरी।

अमोला थानांतर्गत ग्राम सिरसौद में शिवपुरी-पिछोर रोड पर अघोषित बिजली कटौती की मांग को लेकर 27 जुलाई को चक्काजाम किया गया था। यह चक्काजाम बिजली विभाग द्वारा लगातार की जा रही अघोषित कटौती से परेशान होकर किया गया था।

Advertisement

इस मामले में सरपंच अतर सिंह लोधी सहित कुल 60 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। लाइनमैन हरभजन पुत्र लालाराम जोशी, उम्र 61 साल, की शिकायत पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम किया है।

पुलिस द्वारा राहुल सेन, प्रमोद कुशवाह, केशव लोधी, हेमंत लोधी, अतर सिंह लोधी, हरिकिशन लोधी, राधे बाल्मीकी, कल्ला कोली, रिंकू परिहार, पुष्पेंद्र लोधी, महेंद्र झा, धर्मेंद्र लोधी, अन्नी परिहार और उनके साथ 50-60 अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

शुक्रवार को इसी मामले में ग्रामीण राहुल सेन, हेमंत लोधी और सुमित साहू को गिरफ्तार कर करैरा तहसील न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने तीनों को जेल भेजने का आदेश दिया।

जब सरपंच अतर सिंह लोधी की जमानत के लिए निवेदन पर सुनवाई नहीं हुई, तो वे नाराज होकर तहसीलदार के वाहन के नीचे लेट गए।

एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद तीनों ग्रामीणों को जमानत दे दी गई।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि जाम के कारण पिछोर हाईवे पर भारी और हल्के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में एंबुलेंस, डायल 112 और अन्य इमरजेंसी वाहन भी फंस गए थे, जिससे आम जनता के जीवन को खतरा पैदा हो गया था।