BREAKING NEWS
2026-08-03

ग्वालियर में किसान से 58 लाख की धोखाधड़ी, रिश्तेदार ने बैंक खाते से लिंक किया अपना मोबाइल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर के महाराजपुरा इलाके में एक किसान के साथ 58 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महाराजपुरा थाना पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली है।

Advertisement

रिश्तेदार ने किया फर्जीवाड़ा

कम पढ़े-लिखे किसान के बैंक खाते में उसके एक रिश्तेदार ने अपना मोबाइल नंबर लिंक कर लिया। इसके बाद उसने नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर 58 लाख रुपये अपने बैंक खाते में स्थानांतरित कर लिए।

पैतृक जमीन बेचने से आया था पैसा

महाराजपुरा थाना क्षेत्र के सेंधरी गांव निवासी प्रमोद पुत्र दामोदर शर्मा के पिता ने लगभग 15 साल पहले अपनी पैतृक जमीन बेची थी। जमीन बेचने के एवज में मिले 58 लाख रुपये दामोदर ने अपने बेटे प्रमोद के खाते में जमा करा दिए थे, जो तब से जमा थे।

ऐसे जीता विश्वास और निकाली रकम

कुछ समय पहले प्रमोद के ममेरे भाई देवेंद्र डंडोतिया के बेटे कुशल डंडोतिया ने उसके घर आना शुरू किया और विश्वास जीत लिया। उसने प्रमोद के बैंक खाते के बारे में जानकारी ली। कुशल ने प्रमोद का मोबाइल नंबर हटाकर बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक कर लिया। इसके बाद नेट बैंकिंग का उपयोग कर उसने धीरे-धीरे पूरी रकम निकाल ली।

पासबुक एंट्री कराने पर हुआ खुलासा

यह धोखाधड़ी तब सामने आई, जब प्रमोद बैंक में अपनी पासबुक पर एंट्री कराने पहुंचा। तब उसे पता चला कि उसके खाते से पैसे निकल गए हैं। प्रमोद ने बैंक में बताया कि पैसे निकलते रहे, लेकिन उसे अपने मोबाइल पर कोई संदेश नहीं मिला।

बैंक ने दी नंबर बदलने की जानकारी

इस पर बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रमोद का नंबर बदला गया है। बैंक द्वारा बताया गया नया नंबर कुशल डंडोतिया का निकला। तब प्रमोद को पता चला कि उसी ने उसके साथ ठगी की है। इसके बाद उसने महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।