BREAKING NEWS
2026-07-23

एमएड विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर कक्षाएं न लेने और परीक्षा दबाव का आरोप लगाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के स्कूल ऑफ एजुकेशन के एमएड तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परीनीता रत्नपारखी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि शिक्षिका द्वारा कक्षाएं नहीं ली जा रही हैं, जिसके कारण पाठ्यक्रम पूरा नहीं हुआ है।

Advertisement

विद्यार्थियों ने बताया कि डॉ. परीनीता रत्नपारखी विभाग में एजुकेशन एडमिनिस्ट्रेशन विषय पढ़ाती हैं, लेकिन उनकी एक भी कक्षा नहीं लगी है। इसके बारे में विभागाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण शिंदे को कई बार जानकारी दी गई है, मगर शिक्षिका विषय पढ़ाने को तैयार नहीं हैं।

छात्रों के अनुसार, सिलेबस पूरा नहीं होने के बावजूद विद्यार्थियों पर परीक्षा के लिए दबाव बनाया गया। विद्यार्थियों ने परीक्षा नहीं दी, जिसके बाद शिक्षिका ने उन्हें संबंधित विषय में फेल कर दिया।

विद्यार्थियों का यह भी कहना है कि अधिकांश छात्र यूजीसी-नेट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। शैक्षणिक विवाद और एटीकेटी के कारण उनके करियर पर असर पड़ने लगा है। छात्रों ने कुलसचिव प्रज्वल खरे से मंगलवार को शिकायत की और कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई से भी शिकायत की है।

विद्यार्थियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में विभागाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षिकों को कक्षाएं लगाने को लेकर कई बार नोटिस दिए गए हैं।