बुलंद सोच, इटारसी।
सोमवार रात करीब दस बजे ग्राम पंचायत मेहरागांव से सटे नाला मोहल्ला और भगत सिंह नगर इलाके में एक पागल सियार घुस आया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सियार ने सड़क से गुजर रहे करीब एक दर्जन लोगों को बुरी तरह काटकर घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
इस हमले में 55 वर्षीय कौशल्या बाई प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गईं; सियार ने उनके चेहरे और जबड़े को बुरी तरह नोंच डाला। उन्हें सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके मुंह पर करीब 10 टांके लगाए।
कौशल्या बाई के अलावा, शकील अहमद, महेंद्र साहू, अभय प्रजापति, संजय प्रजापति, सिमरन मौर्य और एक 10 वर्षीय बच्चे सहित लगभग एक दर्जन लोग इस हमले में घायल हुए हैं।
सरकारी अस्पताल में घायलों का उपचार कर रहे डॉ. विकास जैतपुरिया ने बताया कि कौशल्या बाई को टांके लगाए गए हैं, जबकि अन्य लोगों को सियार ने हाथ-पैर में काटा है। संक्रमण की आशंका को देखते हुए प्राथमिक उपचार के साथ रेबीज के इंजेक्शन भी लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बाद में घेराबंदी कर लाठियों से पीट-पीट कर सियार को मार डाला, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। यह सियार मेहरागांव पंचायत के इलाके और पास के जंगल से भटककर आया था, और आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से संक्रमित था।
लोगों ने वन विभाग को भी घटना की सूचना दी थी। वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि घायलों की जानकारी ली गई है और नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

