बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल सहित पूरे प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो गया है। पिछले 48 घंटों में राजधानी भोपाल में लगभग 3 इंच बारिश दर्ज की गई है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि, जुलाई महीने का सामान्य वर्षा कोटा अभी पूरा नहीं हुआ है। जुलाई का सामान्य कोटा 14.74 इंच है, जबकि अब तक 9.53 इंच बारिश हुई है। इसके अनुसार, जुलाई के कोटे को पूरा करने के लिए अभी 5.21 इंच बारिश की और आवश्यकता है। पूरे मानसून सीजन का सामान्य कोटा 42 इंच है, जिसमें से अब तक 19.4 इंच वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है।
मानसूनी सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यदि बारिश का दौर ऐसा ही जारी रहा तो सामान्य कोटा पूरा हो सकता है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्से के ऊपर लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर मानसूनी ट्रफ सक्रिय है। दूसरे मानसूनी सिस्टम से लगातार नमी मिलने के कारण अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बड़े तालाब का जलस्तर बढ़ा
भोपाल में दिनभर में 2 इंच बारिश दर्ज की गई। कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश के कारण बड़े तालाब का जलस्तर 0.15 फीट बढ़कर 1659.60 फीट पर पहुंच गया है। हालांकि, यह अभी भी फुल टैंक लेवल (1666.80 फीट) से 7.20 फीट नीचे है। विशेषज्ञों का कहना है कि पेयजल के लिहाज से यह राहत की बात है, लेकिन जलाशय को पूरी तरह भरने के लिए मानसून के शेष दौर में लगातार अच्छी बारिश आवश्यक होगी।
पिछले 24 घंटे की बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई। गुना जिले के मकसूदनगढ़ में प्रदेश में सबसे ज्यादा 6.85 इंच बारिश दर्ज की गई। बैरसिया में 3.24 इंच और भोपाल शहर में 2 इंच से अधिक पानी गिरा। गोहरगंज में 5.04 इंच, बुधनी में 4.49 इंच, नर्मदापुरम में 4.16 इंच और रेहटी में 3.31 इंच बारिश हुई। शहडोल और कुंभराज में भी 5.12-5.12 इंच पानी बरसा। प्रदेश के 41 जिलों में बारिश हुई, जबकि 23 शहरों और कस्बों में 2.5 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
आगे का अनुमान
मौसम विभाग ने गुरुवार को भोपाल सहित 50 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, धार, खरगोन, बड़वानी और अलीराजपुर में अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

