BREAKING NEWS
2026-08-01

हंगामे के बीच लोकसभा से जन्म-मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक 2026 पारित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दिल्ली।

मानसून सत्र का 10वां दिन हंगामे की भेंट चढ़ा, जिसके कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। सत्र के दौरान लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक तथा सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या संशोधन विधेयक पेश किए जाने थे। राज्यसभा में एमएसएमई संशोधन विधेयक लाया जाना था।

शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Advertisement

दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हुई, लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्षी सदस्यों ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी भी की।

विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा ने जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित कर दिया। सदन की कार्यवाही के दौरान पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की थी, हालांकि नारेबाजी के बीच ही विधेयक को पारित कर दिया गया।

विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 3 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। राज्यसभा के सभापति ने घोषणा की कि राज्यसभा की अगली बैठक अब 3 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे होगी।

विपक्षी सांसदों का विरोध और आरोप

अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने अयोध्या में हुई घटनाओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को चढ़ावे की रसीद नहीं दी गई और दान पेटी तक पहुंचने से पहले ही पैसे ले लिए गए।

धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि गिनती वाली जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ ही दिनों के भीतर गड़बड़ी के 70 वीडियो रिकॉर्ड हुए, जिन्हें बाद में हटा दिया गया। उन्होंने इसे अयोध्या में “दिनदहाड़े लूट” बताया और कहा कि यह लूट साल 2020 में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट बनने के समय से ही चल रही है।

सपा सांसद ने आरोप लगाया कि यह पैसा भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों की जेब और बैंक खातों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है और उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से भी इस मामले पर अपनी बात रखने का मौका दिए जाने की मांग की।

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा लाए गए विशेषाधिकार नोटिस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ होना चाहिए।

कीर्ति आजाद ने आरोप लगाया कि जिस विधेयक को प्रधानमंत्री को पेश करना चाहिए था, उसे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पेश किया, और जो काम अमित शाह को करना था, वह नित्यानंद राय ने किया। उन्होंने कहा कि वे अपनी मर्जी के हिसाब से संसद चलाते हैं और अपनी पसंद के आधार पर ही तय करते हैं कि किस मुद्दे पर बहस होगी।