बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में सीधी-वनसुकली मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस और सवारी से भरी बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो में सवार छह यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तत्काल राहत कार्य
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में सवार कुछ यात्री वाहन में ही फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, बोलेरो नगनौड़ी की ओर जा रही थी, जबकि बस सामने से ब्यौहारी की ओर आ रही थी, इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बनी वजह
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पूर्व में भी हुए हादसे
गौरतलब है कि दो दिनों पहले भी शहडोल रीवा मार्ग में एक बस और बोलेरो की भिड़ंत हुई थी, जिसकी जांच चल रही है।
स्थानीय लोगों की मांग
जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।

