BREAKING NEWS
2026-08-14

उज्जैन में नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 24 घंटे के लिए खुलेंगे, सावन का तीसरा सोमवार भी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उज्जैन।

श्री महाकालेश्वर मंदिर के शीर्ष पर स्थित भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के पट 17 अगस्त (सोमवार) को नागपंचमी के महापर्व पर पूरे एक साल बाद खोले जाएंगे।

Advertisement

इस बार नागपंचमी के दिन ही सावन का तीसरा सोमवार भी है, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही दिन भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के साथ-साथ बाबा महाकाल की दिव्य सवारी का पुण्य लाभ भी मिलेगा।

इस दुर्लभ संयोग के चलते धार्मिक नगरी उज्जैन में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने का अनुमान है। प्रशासन और मंदिर समिति ने आस्था के इस महाकुंभ को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के पट 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 17 अगस्त की रात 12 बजे तक, यानी पूरे 24 घंटे के लिए खुले रहेंगे।

पूजन विधि और समय

पट खुलने के साथ ही 16 अगस्त की रात 11:30 बजे से 12:00 बजे के बीच महंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा द्वारा मुख्य पूजन होगा।

17 अगस्त दोपहर 12 बजे शासकीय पूजन किया जाएगा, जिसके बाद शाम की आरती के समय मंदिर के पुजारी और पुरोहित विधि-विधान से अर्चन करेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

लाखों की संख्या में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए शहर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

बाहर से आने वाले वाहनों के लिए हरिफाटक पुल के पास मेघदूत पार्किंग, कर्कराज महादेव मंदिर के समीप, कार्तिक मेला ग्राउंड और बड़नगर रोड (धन उपार्जन केंद्र) को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है।

भक्तों को महाप्रसाद के लिए हरसिद्धि पाल, भील समाज धर्मशाला और कर्कराज पार्किंग पर अस्थायी लड्डू प्रसाद काउंटर और जूता स्टैंड उपलब्ध रहेंगे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए परिसर और मुख्य मार्गों पर डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। कर्कराज, बड़ा गणेश और त्रिवेणी सरफेस पार्किंग जैसे प्रमुख बिंदुओं पर चौबीसों घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।

बुजुर्ग और दिव्यांग भक्तों की सहायता के लिए जूता स्टैंड व प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों के पास व्हीलचेयर और सहायक कोटवारों की ड्यूटी रहेगी।

भटकने या बिछड़ने पर मदद के लिए स्काउट एंड गाइड द्वारा खोया-पाया और पूछताछ केंद्र संचालित किए जाएंगे।