BREAKING NEWS
2026-08-03

चंदन नगर फ्लायओवर की बड़ी बाधा दूर, 3 करोड़ से शिफ्ट होंगी पाइपलाइन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

धार रोड के लाखों वाहन चालकों और रहवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से अटकी चंदन नगर फ्लायओवर परियोजना की सबसे बड़ी रुकावट अब दूर हो गई है।

Advertisement

फ्लायओवर के प्रस्तावित अलाइनमेंट के बीच आ रही पानी और सीवरेज की पाइपलाइनों को हटाने (यूटिलिटी शिफ्टिंग) के लिए नगर निगम ने टेंडर फाइनल कर दिया है।

इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने इस शिफ्टिंग कार्य के लिए नगर निगम को लगभग तीन करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करा दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, अगले पंद्रह दिन में चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। चूंकि अभी मानसून का समय है, इसलिए पाइपलाइनों को शिफ्ट करने का मैदानी काम अगस्त के बाद, यानी बारिश थमने पर, शुरू होगा।

आईडीए ने फ्लायओवर निर्माण के लिए एक वर्ष की समय सीमा निर्धारित की है। प्रशासन का मुख्य फोकस इस पूरे प्रोजेक्ट को सिंहस्थ से पहले पूरा करने पर है, ताकि उज्जैन की ओर जाने वाले और वहां से आने वाले ट्रैफिक को सुगम रास्ता मिल सके।

गौरतलब है कि आईडीए ने फ्लायओवर निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी का चयन पिछले साल ही कर लिया था, लेकिन जमीन के नीचे बिछी पाइपलाइनों के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया था। अब निगम के टेंडर फाइनल होने से काम शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।